Baghpat News : मोबाइल खोने के बाद उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे उस वक्त खिल उठे, जब उनके हाथों में दोबारा अपना फोन आया। किसी के लिए मोबाइल रोजमर्रा की जरूरत था, तो किसी के लिए उसमें कैद परिवार की तस्वीरें अनमोल यादें थीं। बागपत पुलिस ने 179 लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटाते हुए करीब 42 लाख रुपये कीमत के गुमशुदा मोबाइल बरामद किए। 15 अक्टूबर को पुलिस लाइन सभागार में एसपी पूर्णेन्दु सिंह ने मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे।
CEIR पोर्टल की मदद से दूसरे राज्यों तक पहुंची पुलिस

एसपी पूर्णेन्दु सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थानों और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने गुमशुदा मोबाइलों की तलाश के लिए अभियान चलाया। CEIR पोर्टल की मदद से पुलिस ने जिले के साथ दूसरे जनपदों और राज्यों से भी मोबाइल बरामद किए। इस कार्रवाई में कुल 179 मोबाइल फोन मिले, जिनकी कीमत करीब 42 लाख रुपये आंकी गई है।
खेकड़ा पुलिस सबसे आगे, बड़ौत-बिनौली ने भी बरामद किए 30-30 फोन
मोबाइल बरामद करने में खेकड़ा पुलिस ने 34 फोन बरामद कर पहला स्थान हासिल किया। छपरौली पुलिस ने 31, बड़ौत और बिनौली पुलिस ने 30-30, बागपत कोतवाली ने 26 और सिंघावली अहीर पुलिस ने 12 मोबाइल बरामद किए। वहीं, रमाला पुलिस ने पांच तथा बालैनी और चांदीनगर पुलिस ने चार-चार मोबाइल खोजकर उनके मालिकों तक पहुंचाए।
मोबाइल नहीं, परिवार की यादें थीं सुदेश के लिए अनमोल
मोबाइल वापस मिलने वालों में सुदेश की खुशी देखते ही बन रही थी। उनके मुताबिक, मोबाइल खोने के गम में उन्होंने दो-तीन दिन तक रोटी तक नहीं खाई थी। फोन में परिवार, रिश्तेदारों और नाती-पोतों की तस्वीरें थीं, जिन्हें वह अनमोल यादों की तरह संजोकर रखती थीं। मोबाइल वापस मिला तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सुदेश ने पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे पुलिसकर्मी सभी को मिलने चाहिए।
मोबाइल प्राप्तकर्ता गरिमा कौशिक ने भी फोन वापस मिलने पर खुशी जताई। मोबाइल लौटाने की इस कार्रवाई से 179 लोगों को राहत मिली। पुलिस की पहल की लोगों ने सराहना की।


Download Android App
Download iOS App




