सोनभद्र मामले में 3 सदस्यीय समिति का गठन, 10 दिनों के अंदर सौंपेगी रिपोर्ट : योगी

Summary :

सीएम योगी ने कहा, ग्राम प्रधान और उसके भाई समेत 29 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही एक बैरल बंदूक, 3 डबल बैरल बंदूक और एक राइफल जब्त की गई है।

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में जमीनी विवाद को लेकर हुए संघर्ष में उपमंडलीय मजिस्ट्रेट, सर्किल अधिकारी और पुलिस निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। सोनभद्र में हुए इस खुनी संघर्ष पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया।
मामले पर बोलते हुए सीएम योगी ने कहा, ग्राम प्रधान और उसके भाई समेत 29 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही एक बैरल बंदूक, 3 डबल बैरल बंदूक और एक राइफल जब्त की गई है। उन्होंने कहा की जो भी इस घटना के लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस भूमि विवाद की वजह से यह संघर्ष हुआ, वह 1955 से चला आ रहा है और राजस्व अदालतों में कई मामले लंबित हैं और दोनों ही गुटों ने आपराधिक मामले भी दाखिल किए हैं। 
इस पूरे घटनाक्रम के बाद उपमंडलीय मजिस्ट्रेट, सर्किल अधिकारी और पुलिस निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। योगी ने कहा, भूमि विवाद मामले की जांच के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व) के नेतृत्व में तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है जो दस दिनों के अंदर रिपोर्ट सौंपेगी। 

सोनभद्र जा रहीं प्रियंका गांधी का काफिला रोका गया, सड़क पर धरने पर बैठीं

गौरतलब है की सोनभद्र में घोरावल थाना क्षेत्र के उधा गांव में दो साल पहले ग्राम प्रधान यज्ञदत्त ने एक आईएएस अधिकारी से खरीदी गई 90 बीघा जमीन पर कब्जे के लिए बड़ी संख्या में अपने साथियों के साथ पहुंचकर जमीन जोतने की कोशिश की। विरोध करने पर उसकी तरफ के लोगों ने स्थानीय ग्रामीणों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस वारदात में 10 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग जख्मी हो गए।
 

Desk Team