उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां पल में ही खुशियां मातम में बदल गई। जिले के कमलापुर थाना क्षेत्र के हनुमानपुर गांव में शुक्रवार देर रात एक वैवाहिक समारोह के दौरान हाईटेंशन तार से करंट लगने से चार लोगों की मौत हो गई और चार अन्य बुरी तरह झुलस गए हैं।
सीतापुर के जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने बताया कि एक शादी के पंडाल में लोग जलपान कर रहे थे कि अचानक आई आंधी से पंडाल उखड़ कर ऊपर बिजली की हाईटेंशन तार से सट गया। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने पंडाल पकड़ने की कोशिश की तो उन्हें करंट का तेज झटका लगा।
उन्होंने बताया कि इस घटना में आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए और उन्हें सीतापुर जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने चार को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि दो व्यक्तियों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार चल रहा है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है और अस्पताल को हरसंभव उपचार के निर्देश दिए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



