उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के बांदा-रायबरेली राजमार्ग पर यमुना नदी के चिल्ला पुल के पास शनिवार को एक इनोवा कार सवार पांच लोगों को पुलिस और ग्रामीणों ने बाढ़ के पानी में डूबने से बचा लिया।
बांदा सदर पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) राघवेन्द्र सिंह ने रविवार को बताया, “शनिवार की दोपहर मध्य प्रदेश के सतना निवासी मोहम्मद यूनुस कुरैशी अपनी बीमार मां का इलाज कराने निजी इनोवा कार से बांदा-रायबरेली राजमार्ग से होते हुए कानपुर जा रहे थे। यमुना नदी का चिल्ला पुल पार करते ही उनकी कार में पानी भर गया और कार सवार सभी पांच लोग डूबने लगे। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची और डूब रहे यूनुस कुरैशी, उनकी बीमार मां, कार चालक देवीदयाल और परिवार की दो अन्य महिलाओं को बचा लिया।”
उन्होंने बताया, “पुलिसकर्मियों के मना करने के बाद भी कार चालक ने जबरन कार को निकालने की कोशिश की थी। गनीमत रही कि सभी लोग बचा लिये गए हैं, वरना बड़ा हादसा हो जाता।” सीओ ने बताया, “शनिवार रात से यमुना का जलस्तर कुछ घटा है, लेकिन नदी अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इस राजमार्ग में पिछले चार दिनों से यातायात बन्द है।”


Download Android App
Download iOS App



