उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) ने अपनी तैयारी प्रारंभ कर दी। इसी क्रम में वीआईपी अगले 100 दिन में यूपी में फूलन देवी की 50 हजार प्रतिमाएं मुफ्त में बांटेगी।
पटना में मंगलवार को वीआईपी के प्रमुख और बिहार के मंत्री मुकेश सहनी ने एक संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि वीआईपी अगले 100 दिनों में फूलन देवी की 50 हजार प्रतिमाएं, पांच लाख लॉकेट और 10 लाख कैलेंडर चरणवद्ध तरीके से यूपी में घरों तक पहुंचाएगी।
उन्होंने इस मौके पर कहा कि पार्टी की वेबसाइट पर भी फूलन देवी की प्रतिमा मंगाने के लिए ऑर्डर देने की सुविधा दी गई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार फूलन देवी की कार्यक्रमों को निरस्त कर सकती है, लेकिन उनको हमारे विचारों से नहीं निकाल सकती है।
मंत्री सहनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 18 प्रमंडलों के चिह्न्ति जिलों में 25 जुलाई को फूलन देवी की पुण्यतिथि पर प्रतिमा माल्यार्पण कार्यक्रम होना था, लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा यह कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया था।
उल्लेखनीय है कि वीआईपी बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल है और उत्तर प्रदेश में वह अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकी है। कहा जा रहा है कि वीआईपी की नजर वहां खास जाति वर्ग पर है। बिहार की कई पार्टियों ने उत्तर प्रदेश में होने वाले चुनाव को लेकर तैयारी प्रारंभ कर दी है।


Download Android App
Download iOS App



