उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राज्य के 54,120 बेसिक शिक्षकों के अंतर्जनपदीय स्थानान्तरण की अनुमति दे दी गयी है। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में बेसिक शिक्षा विभाग में 54,120 शिक्षक/शिक्षिकाओं के अन्तर्जनपदीय स्थानान्तण की अनुमति प्रदान की गई है।
इसमें शिक्षकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने बताया कि स्थानान्तण की यह प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संचालित की गई। राज्य सरकार ने इन तबादलों को मूर्त रूप देकर पूरे देश में एक मिसाल स्थापित की है।
प्रवक्ता ने बताया कि एनआईसी के सॉफ्टवेयर के माध्यम से स्थानान्तण सम्बन्धी सभी आवेदन पत्रों को वैज्ञानिक आधार पर पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए स्वीकार किया गया। इस स्थानान्तरण प्रक्रिया में 28,306 महिला तथा 25,814 पुरुष शिक्षक लाभान्वित हुए हैं।
इनमें 917 शिक्षक/शिक्षिकाएं सशस्त्र बलों के जवानों के परिवारों से जुड़े हैं, जिन्हें यह सुविधा प्राथमिकता के आधार पर बिना शर्त प्रदान की गई। इनके अलावा, दिव्यांगजन श्रेणी के 2,285 स्थानान्तरण सम्बन्धी आवेदन पत्रों को स्वीकार करते हुए उन्हें स्थानान्तरित किया गया तथा गम्भीर तथा असाध्य बीमारी से ग्रस्त 2,186 लोगों को स्थानान्तरण का लाभ दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



