मातृत्व पर शौक इतना भारी पड़ा कि एक मां ने पति के साथ मिलकर अपने नवजात बच्चे का सौदा कर दिया। रिश्तों को शर्मसार करने वाली ये घटना उत्तर प्रदेश के कन्नौज से सामने आई है। जहां एक कार खरीदने के लिए एक दंपती ने डेढ़ लाख रुपए में अपने बच्चे को एक व्यापारी को बेच दिया। घटना का खुलासा नाना-नानी की शिकायत के बाद हुआ।
कन्नौज के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के सतौरा गांव में माता-पिता ने कार खरीदने के लिए अपने तीन माह के नवजात को बेच दिया। बच्चे के नाना और नानी ने विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी। नाना नानी ने थाने में जाकर शिकायत की तो मामला सुनकर पुलिस वाले भी सन्न रह गए। गांव पहुंचकर पुलिस अफसरों ने मां और पिता से पूछताछ की तो घटना सामने आई है।
इस प्रकरण की जानकारी के बाद गांव में भी लोग अवाक है और चर्चाएं भी कर रहे हैं। दंपती ने बच्चे को बेचे जाने की भनक आठ दिनों तक किसी को नहीं लगने दी। नाना-नानी ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि उनकी बेटी और दामाद ने कार खरीदने के लिए नवजात बच्चे को गुरसहायगंज के एक व्यवसायी को डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया था।
उन्होंने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले फोन पर जब बेटी से नाती के बारे में पूछा तो उसने सही जवाब नहीं दिया। इसपर उसे संदेह हुआ तो गांव जाकर जानकारी की। बेटी और दामाद से पूछा तो पता चला कि दोनों ने गुरसहायगंज के एक व्यापारी को अपने बेटे का सौदा डेढ़ लाख रुपये में कर दिया। इंस्पेक्टर कोतवाल शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि बच्चा अभी भी व्यापारी के कब्जे में है।


Download Android App
Download iOS App



