उत्तर प्रदेश की संगम नगरी प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में शुक्रवार को अदाणी परिवार के सदस्यों ने स्नान किया। अदाणी ग्रुप के प्रबंध निदेशक राजेश अदाणी, उनकी पत्नी शिलीन अदाणी और प्रबंध निदेशक प्रणव अदाणी ने त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद अदाणी परिवार के सदस्यों ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत की। प्रणव अदाणी ने कहा कि प्रशासन और सरकार की तारीफ करनी होगी, उन्होंने यहां अच्छे इंतजाम किए हैं।
अदाणी परिवार ने व्यवस्थाओं की तारीफ की
राजेश अदाणी ने मीडिया से कहा, महाकुंभ में आकर हमें अच्छा लगा है और हमने सेवा के माध्यम से लोगों की मदद करने की कोशिश की है। मैं पूरे देश के लिए शुभकामना करता हूं।शिलीन अदाणी ने कहा कि महाकुंभ में आकर काफी अच्छा लगा है और प्रशासन ने भी यहां अच्छा काम किया है, जो हमारे देश के लिए प्रशंसा की बात है। महाकुंभ में श्रद्धालुओं की सेवा और आध्यात्मिक तृप्ति के लिए अदाणी ग्रुप और इस्कॉन की पहल सुर्खियों में है।
लाखों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया
अब तक 31 दिन में 38 लाख श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण कर चुके हैं, जिसमें मौनी अमावस्या के दिन महाप्रसाद ग्रहण करने वाले 3.5 लाख श्रद्धालु शामिल हैं। महाकुंभ में अदाणी ग्रुप और इस्कॉन की साझेदारी से महाप्रसाद सेवा चलाई जा रही है, जिसमें हर दिन लगभग एक लाख श्रद्धालुओं को भोजन वितरित किया जा रहा है, जिसमें 18,000 से अधिक सफाईकर्मी भी शामिल हैं। इस सेवा को संचालित करने के लिए 5,000 से अधिक स्वयंसेवक प्रतिदिन अपनी निःस्वार्थ सेवा दे रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



