भोपाल में जीआईएस के लिए 30 हजार से अधिक पंजीकरण 18 हजार की पुष्टि: CM मोहन यादव

Summary :

भोपाल में 24 और 25 फरवरी को दो दिवसीय ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट होगा

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट होने जा रही है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया है कि इस आयोजन में हिस्सा लेने के लिए 30 हजार से अधिक पंजीयन हो चुके हैं और 18 हजार लोगों ने अपना आना कंफर्म कर दिया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि राज्य में औद्योगिक विकास के लिए सकारात्मक माहौल बना है। बीते एक साल की बात की जाए तो लोकसभा चुनाव की अवधि के तीन से साढ़े तीन माह छोड़कर लगभग हर माह रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव हुई हैं। यह कॉन्क्लेव जबलपुर, सागर, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा आदि स्थानों पर हुई। इस प्रयास से सकारात्मक माहौल बना और इसका बड़ा लाभ मिला है।

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री यादव ने बताया कि रीजनल कॉन्क्लेव के चलते लोगों की रुचि और आकर्षण बढ़ा है। इन आयोजनों में चार लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश के प्रस्ताव आए हैं और इससे तीन लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे। जहां तक ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट की बात है तो इसके लिए 30 हजार से ज्यादा लोगों ने पंजीकरण कराया है और 18 हजार लोगों का तो कंफर्मेशन तक आ गया है। राजधानी भोपाल में 24 और 25 फरवरी को दो दिवसीय ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट होने जा रही है।

जीआईएस का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस दो दिवसीय औद्योगिक समागम में देश और दुनिया की नामचीन हस्तियां हिस्सा ले रही हैं। मुख्यमंत्री यादव लगातार काफी समय से निवेशकों को आकर्षित करने के लिए प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रीजनल इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव कर चुके हैं और प्रदेश के बाहर दूसरे राज्यों में भी निवेशकों से संवाद कर निवेश के लिए आमंत्रित किया है।

इसके अलावा कई देशों में जाकर भी औद्योगिक घरानों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। दो दिवसीय ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के लिए राजधानी को सजाया संवारा जा रहा है। पूरा शहर आकर्षक रूप ले रहा है। सड़कों के किनारे की दीवारों पर आकर्षक कलाकृतियां बनाई गई हैं। वहीं सड़कों को दुरुस्त करने का अभियान जारी है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.