अगले साल की शुरूआत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। जिसके लिए सभी राजनीतिक पार्टियां अपना दम खम दिखा रही हैं। इस कड़ी में पड़ोसी देश नेपाल की सीमा पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी और नेपाल के प्रशासनिक अधिकारियों ने इसमें पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है। जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
बहराइच के जिलाधिकारी दिनेश चंद्र सिंह ने शुक्रवार को पत्रकारों को यहां बताया कि पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के नेपालगंज शहर में भारत-नेपाल समन्वय समिति की बैठक हुई थी जिसमें विधानसभा चुनाव शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने पर चर्चा हुई,इस पर वहां मौजूद नेपाल के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि दोनों देशों के बीच सीमावर्ती खुले रास्तों पर तमाम पगडंडियां मौजूद हैं और इन मार्गों पर विशेष चौकसी की जरूरत है ताकि इनका इस्तेमाल अराजक तत्व चुनाव के दौरान अशांति फैलाने में नहीं कर सकें। उन्होंने बताया कि अधिकारी इस बात पर सहमत हुए कि सीमा पर अपराध, खासतौर पर संगठित अपराध रोकने के लिए एहतियाती कार्रवाई करने के संबंध में भारतीय अधिकारी नेपाली समकक्षों के साथ समन्वय करेंगे।
उन्होंने बताया कि अत्यंत सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई उक्त समन्वय बैठक में अवैध मादक पदार्थ, शराब व हथियारों की तस्करी तथा मानव तस्करी सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गयी। राज्य के महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, बलरामपुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत जिलों की सीमा नेपाल से सटी हैं।


Download Android App
Download iOS App



