उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक शॉपिंग मॉल को कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने पर गुरुवार को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने बताया कि गोमतीनगर स्थित ‘फन रिपब्लिक’ मॉल को कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने में विफल रहने पर अगले आदेशों तक बंद कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि मॉल प्रशासन को इससे पहले भी प्रोटोकॉल नहीं मानने पर नोटिस दिया गया था मगर उसने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया, जिसके बाद उसे बंद करने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पिछली 23 मार्च को फन रिपब्लिक मॉल का निरीक्षण किया था और इस दौरान वहां आगंतुक रजिस्टर नदारद पाया गया और मास्क पहने बगैर लोगों को भी मॉल के अंदर प्रवेश करने दिया जा रहा था, जिसके बाद मॉल प्रशासन को नोटिस जारी किया गया था।
जिलाधिकारी ने बताया कि गुरुवार को जिला प्रशासन की एक टीम ने मॉल का फिर से निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान न तो वहां कोविड-19 हेल्पडेस्क पाई गई और न ही सामाजिक दूरी का पालन कराया गया। उन्होंने बताया कि इसके अलावा ऐसे लोग भी मॉल में प्रवेश करते हुए नजर आए जिन्होंने मास्क नहीं पहना था। मॉल प्रशासन को 24 घंटे के अंदर कचहरी में संबंधित अधिकारियों को स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। अगर ऐसा नहीं किया जाता है तो मॉल का लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश भी की जा सकती है।


Download Android App
Download iOS App



