उत्तर प्रदेश के कई जिले बाढ़ की मार झेल रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार पर बाढ़ पीडितों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अगर यह स्थिति जारी रही तो कांग्रेस आंदोलन करेगी।
लल्लू ने बुधवार को जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद पत्रकारों से कहा, ”राज्य सरकार पीड़ितों की मदद करने की बजाय सिर्फ हवाई सर्वेक्षण कर रही है। हवाई दौरों से पीड़ित ग्रामीणों का भला नहीं होने वाला। इन्हें आवास व आर्थिक मदद की जरूरत है, जिसके लिए सरकार कोई काम नहीं कर रही।”
उन्होंने कहा कि हर साल बाढ़ व कटान से हजारों ग्रामीण प्रभावित होते हैं। सरकारी अमले व मंत्रियों को जमीन पर उतरकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनना चाहिए और उनका निराकरण कर अपना फर्ज निभाना चाहिए। लल्लू ने कहा कि बाढ पीडितों को राशन, आर्थिक मदद व सुरक्षित स्थान पर आवास दिये जाने चाहिए, लेकिन सरकार अपना फर्ज निभाने की बजाय पीड़ितों से खिलवाड़ कर रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार ने शीघ्र कोई ठोस कदम न उठाया तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन करेगी। नेपाल के पहाड़ों से लगातार हो रही बारिश से उत्तर प्रदेश में नदियों ने रौद्र रूप लेना शुरू कर दिया है। घाघरा का जलस्तर बढ़ने से बहराइच जिले के महसी तहसील के गांवों में पानी घुस आया है।


Download Android App
Download iOS App



