कोरोना महामारी की दूसरी लहर के मद्देनजर सीबीएसई बोर्ड और सीआईएससीई की 12वीं की परीक्षा रद्द हो चुकी हैं। ऐसे में समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अन्य शिक्षा परिषदों तथा राज्य बोर्ड की परीक्षाओं को भी रद्द करने की मांग की है। 12वीं कक्षा की परीक्षाओं पर फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद लिया गया।
अखिलेश ने बुधवार को ट्वीट किया, “परीक्षार्थियों-अभिभावकों के दबाव के आगे असंवेदनशील बीजेपी सरकार को आखिरकार झुकना ही पड़ा और सीबीएसई की 12वीं की परीक्षा रद्द किए जाने का फ़ैसला उन्हें लेना ही पड़ा।” उन्होंने इसी ट्वीट में कहा, “अब इसी आधार पर अन्य बोर्ड एवं राज्य बोर्ड की परीक्षाएँ भी रद्द की जानी चाहिए।”
परीक्षार्थियों-अभिभावकों के दबाव के आगे आख़िरकार असंवेदनशील भाजपा सरकार को झुकना ही पड़ा और CBSE 12वीं की परीक्षा रद्द किये जाने का फ़ैसला उन्हें लेना ही पड़ा.
अब इसी आधार पर अन्य बोर्ड व राज्य बोर्ड की परीक्षाएँ भी रद्द की जानी चाहिए.
No Examination Without Vaccination.
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) June 2, 2021
अखिलेश शुरू से ही यह मांग कर रहे हैं कि जब तक सभी परीक्षार्थियों को कोविड-19 का टीका नहीं लग जाता तब तक कोई परीक्षा आयोजित न कराई जाए। गौरतलब है कि मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में सीबीएसई बोर्ड की 12वीं की परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया। इसके साथ ही आईएससी बोर्ड की 12वीं की परीक्षा भी रद्द कर दी गई है।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों में परीक्षाओं के आयोजन को लेकर जो चिंता है उसे दूर किया जाना चाहिए। ऐसी तनावपूर्ण स्थिति में छात्रों को परीक्षा में बैठने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। सभी हितधारकों को छात्रों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने की जरूरत है।


Download Android App
Download iOS App



