कन्नौज फायर स्टेशन बंद नही होता तो बस हादसे में बच सकती थी लोगों की जान : अखिलेश यादव

Summary :

अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार ने प्रदेश में सबसे अच्छी सड़क बनायी है। उस पर चलने के लिए ध्यान देने की आवश्यकता है।

समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कन्नौज बस अग्निकांड पर गहरा दु:ख प्रकट करते हुए कहा कि यदि उनके कार्यकाल में बना फायर स्टेशन बंद नही गया होता तो इस हादसे में कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी  अखिलेश यादव ने शनिवार को पत्रकारों से कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार ने संकीर्ण राजनीतिक सोच के चलते उनके कार्यकाल में बने फायर स्टेशन को बंद करा दिया था। यह फायर स्टेशन से घटनास्थल तक जाने में केवल दस मिनट को समय लगता। 
उन्होंने कहा कि कन्नौज सड़क दुर्घटना एक बड़ा हादसा है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने प्रदेश में सबसे अच्छी सड़क बनायी है। उस पर चलने के लिए ध्यान देने की आवश्यकता है। जो लोग ड्राइवर को रखते हैं उन्हें अपने से ज्यादा ड्राइवर का ख्याल रखने की जरूरत है। ड्राइवर को पहले भोजन दो और सात घंटे की नींद जरूर पूरी कर लेने दो उसके बाद गाड़ी चलवाये। अधिकांश घटनाएं चालक को नींद आ जाने से हो रही है। 


सपा अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें इस हादसे की जानकारी देर रात दस बजकर 55 मिनट पर मिली। समाजवादी पेज पर अपडेट दिया और स्थानीय नेताओं को घटनास्थल पर पहुंचकर यात्रियों को मदद करने के निर्देश दिये। उन्होंने सरकार से मृतकों के परिजनों को दस-दस लाख रूपये की सहायता देनी की मांग की। उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा है कि जेएनयू में बीजेपी के गुंडों ने घुसकर विद्यार्थियों के साथ मारपीट की।

पुलिस उन पर कार्रवाई नहीं करती है क्योंकि यह गुंडे बीजेपी के थे। नागरिकता संशोधन कानून पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा है कि इसके लागू होने से जनता केवल अपने कागज ढूंढते ही रह जाएगी। बीजेपी ने अपने कार्यकाल में कोई ऐसा काम किया हो जो जनता के हित में हो।

Desk Team