Akhilesh Yadav on Sonam Wangchuk: नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर 26 दिनों से अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक ने सरकार से मिले आश्वासन के बाद अपना अनशन खत्म कर दिया है। उनके इस फैसले पर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश यादव ने कहा कि देश की समस्याओं की असली वजह भाजपा है और सिर्फ छोटे-छोटे समाधान से हालात नहीं बदलेंगे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सोनम वांगचुक के अनशन खत्म करने के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए भाजपा पर निशाने साधते हुए लिखा कि जब बीमारी की जड़ बनी रहती है, तब केवल ऊपर-ऊपर इलाज करने से कोई फायदा नहीं होता। उन्होंने कहा कि देश की कई समस्याओं की मूल वजह भाजपा है और अब जनता बदलाव चाहती है। अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि “जब बीमारी ROOT में है तो FRUIT के इलाज से कोई नहीं मानने वाला। देश की हर समस्या की जड़ भाजपा है। अब बीजेपी को जाना ही होगा।”
पहले भी की थी अनशन खत्म करने की अपील
यह पहली बार नहीं है जब अखिलेश यादव ने सोनम वांगचुक को लेकर बयान दिया है। इससे पहले भी उन्होंने वांगचुक से अपना अनशन खत्म करने की अपील की थी। उनके अनुसार, किसी भी आंदोलन में व्यक्ति का जीवन सबसे महत्वपूर्ण होता है और संघर्ष जारी रखने के लिए स्वस्थ रहना जरूरी है। सपा नेताओं ने भी लगातार यही कहा कि सरकार पर दबाव बनाने के कई लोकतांत्रिक रास्ते हैं और जीवन को खतरे में डालना सही है। सपा के सीनियर नेता और राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव ने भी सोनम वांगचुक के अनशन खत्म करने के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से आमरण अनशन के पक्ष में नहीं रही है।
राम गोपाल यादव ने कहा कि समाजवादी विचारक डॉ. राम मनोहर लोहिया भी लंबे समय तक चलने वाले आमरण अनशन के समर्थक नहीं थे। उनका मानना था कि आंदोलन क्रमवार तरीके से चलाया जा सकता है, जिसमें अलग-अलग लोग बारी-बारी से भाग लें। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई आमरण अनशन शुरू करता है तो उसे अपनी मांग पूरी होने तक डटे रहना चाहिए, लेकिन समाजवादी पार्टी ऐसे रास्ते को सही नहीं मानती। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष अपनी मांगों पर पहले की तरह कायम है।
अवधेश प्रसाद ने बताया सही फैसला
वहीं सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने भी सोनम वांगचुक के अनशन खत्म करने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने पहले ही उनसे अनशन खत्म करने की अपील की थी क्योंकि जीवन सबसे ज्यादा मूल्यवान है।
अवधेश प्रसाद ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश को सत्याग्रह और अनशन का रास्ता दिखाया था, लेकिन मौजूदा सरकार पर ऐसे आंदोलनों का अपेक्षित असर नहीं दिखाई देता। इसी वजह से समाजवादी पार्टी के नेताओं ने भी सोनम वांगचुक से आग्रह किया था कि वह अपना स्वास्थ्य ध्यान में रखते हुए अनशन खत्म करें। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक द्वारा अनशन खत्म करने का फैसला स्वागत योग्य है और इसके लिए उन्हें बधाई दी जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें: सीतापुर में फर्जी TET-D.El.Ed. Certificate पर नौकरी करने वाले 7 शिक्षक बर्खास्त, FIR के आदेश



Download Android App
Download iOS App




