उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में हैरान करने वाला एक मामला सामने आया है। जहां पर एक महिला का बिल्ली के लिए प्रेम देखकर हर कोई हैरान है। बिल्ली की अचानक मौत के बाद तीन दिन तक महिला मरी हुई बिल्ली को अपने साथ लेकर सोती रही। आखिरकार जब बिल्ली जिंदा नहीं हुई तो उसने भी बिल्ली के गम में फांसी के फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। बिल्ली और महिला का प्रेम देखकर हर कोई अचंभित है। अमरोहा जिले के हसनपुर नगर के मोहल्ला रहरा रोड शिव मंदिर के निकट स्वर्गीय गुलाब दास की 35 वर्षीय बेटी पूजा ने शनिवार देर शाम मकान की तीसरी मंजिल पर जाकर दुपट्टे के सहारे पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
आत्महत्या की सूचना परिजनों के द्वारा 112 डायल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। परिजनों द्वारा बताया गया कि मृतका दो भाई तथा दो बहनों में सबसे बड़ी थी। मृतक पूजा ने काफी समय से एक बिल्ली पाल रखी थी और बिल्ली के साथ ही उसका खाना पीना सोना होता था। तीन दिन पहले उसकी पालतू बिल्ली की मौत हो गई थी। बिल्ली के जिंदा होने की आस में पूजा उसे तीन दिन से अपने पास लेकर सोती रही। आखिर जब तीन दिन बाद भी बिल्ली की सांस नहीं चली तो उसने अपनी जान दे दी।
परिजनों में शोक की लहर
युवती की मौत से मां गजरा समेत परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मां गजरा ने कहा कि बिल्ली से प्रेम के कारण बेटी का जान चली गई। हमारी बेटी बिल्ली के साथ रहती थी। बिल्ली की मौत के बाद उसे काफी धक्का लगा, जिसके बाद उसने ये कदम उठाया है। जैसे एक मां अपने बच्चे को पालती है, ऐसे उसने बिल्ली को पाला था। वहीं कोतवाल रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है।


Download Android App
Download iOS App



