अनुराग ठाकुर का अखिलेश पर वार, बोले-10 मार्च को कहेंगे ‘EVM बेवफा’ है

Summary :

बांदा पहुंचे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बीजेपी की जीत का दावा करते हुए कहा कि 10 मार्च को अखिलेश यादव ईवीएम को बेवफा कहेंगे।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान संपन्न हो चुका है। अब चौथे चरण के प्रचार अभियान में सत्ताधारी बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच तीखी बयानबाज़ी जारी है। बांदा पहुंचे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बीजेपी की जीत का दावा करते हुए कहा कि 10 मार्च को अखिलेश यादव ईवीएम को बेवफा कहेंगे।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस बार की लहर बताती है कि बुंदेलखंड में कमल ही खिलने वाला है। अखिलेश सात फेज के बाद भी 100 के पार नहीं जा पाएंगे। और 10 मार्च (मतगणना) को वह कहेंगे ‘ईवीएम बेवफा है’। वह करहल से भी हारेंगे। सपा का ‘गुंडा राज’, ‘माफिया राज’ और आतंकियों से मिलीभगत नहीं मानेंगे लोग।
आज थम जाएगा चौथे चरण का प्रचार अभियान
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के मतदान वाली 59 सीटों पर 23 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए शाम छह बजे प्रचार अभियान थम जाएगा। रविवार को तीसरे चरण के तहत राज्य के 16 जिलों की 59 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ था। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक इस चरण में 60.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
चौथे चरण में 9 जिलों की 59 सीटों पर मतदान
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार उत्तर प्रदेश में चौथे चरण के लिए नौ जिलों पीलीभीत, खीरी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, बांदा और फतेहपुर के 59 विधान सभा क्षेत्रों में 23 फरवरी को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। इसके लिए 21 फरवरी को उम्मीदवारों का प्रचार अभियान शाम छह बजे थम जाएगा।

Desk Team