बांदा जिले के बिसंडा क्षेत्र में जमीन पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपने बेटे के साथ मिलकर बुजुर्ग पिता की पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार सुबह दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि अमलोहरा गांव में शिवमंगल (75) और उनके बड़े बेटे रामभवन के बीच एक बीघा कृषि भूमि पर कब्जे को लेकर विवाद था। इसी मामले को लेकर शुक्रवार शाम रामभवन अपने बेटे दिनेश के साथ खेत पहुंचा और दोनों ने बुजुर्ग को लाठियों से बुरी तरह पीटा।
इसके बाद शिवमंगल की शनिवार शाम इलाज के लिए कानपुर ले जाते समय मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग को बचाने गए उसके दो अन्य बेटे चुन्नू और मुन्ना भी लाठियों की चपेट में आकर घायल हो गये। उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। सूत्रों ने बताया कि इस संबंध में गैर इरादतन हत्या और मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज कर रामभवन और उसके बेटे दिनेश को रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। शिवमंगल के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी गयी है।
वहीं, मृतक के घायल बेटे चुन्नू ने आरोप लगाया कि गुरुवार को उसके पिता रामभवन की शिकायत लेकर ओरन पुलिस चौकी गए थे। दिन भर चौकी में बैठाए रहने के बाद पुलिस ने उन्हें यह कर वापस भेज दिया था कि रामभवन को मना कर दिया गया है और वह अब परेशान नहीं करेगा। उसने कहा कि अगर पुलिस उचित कार्रवाई करती तो उनके पिता की जान बच जाती।


Download Android App
Download iOS App



