उत्तर प्रदेश के देवरिया में कांग्रेस पार्टी के दफ्तर में राष्ट्रीय सचिव सचिन नायर के सामने महिला कार्यकर्ता के साथ जमकर मारपीट हुई। दरअसल, देवरिया सीट से टिकट न मिलने से नाराज पार्टी की एक महिला कार्यकर्ता ने कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सचिन नायक पर गुलदस्ता दे मारा, जिसके बाद बवाल मच गया। दरअसल, यूपी में खाली सात विधानसभा सीटों पर 3 नवंबर को उपचुनाव होने हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार देवरिया में टाउन हाल स्थित कांग्रेस कार्यालय में कल देर शाम महिला कार्यकर्ता द्वारा सचिव व पूर्वांचल सह प्रभारी सचिन नायक पर गुलदस्ता फेंके जाने के बाद हंगामा मच गया। आरोप है कि महिला कार्यकर्ता ने नायक पर थप्पड़ भी चलाया। इसके बाद अन्य कार्यकर्ताओं ने उस महिला कार्यकर्ता को जमकर पीटा। कुछ कार्यकर्ता रोकने की भी कोशिश में लगे रहे।
महिला कार्यकर्ता के साथ आई तीन महिलाओं को भी जमकर पीटा गया। देवरिया सदर विधानसभा से बीजेपी के जनमेजय सिंह विधायक थे। उनके असमायिक निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी जहां तीन नवम्बर को उपचुनाव हो रहा है। यहां से कांग्रेस ने मुकुंद भास्कर मणि को उम्मीदवार घोषित किया है। जिसको लेकर शनिवार को पार्टी कार्यालय पर बैठक चल रही थी जिसके दौरान महिला कार्यकर्ता पहुंची और गुलदस्ता देकर सम्मानित करने के बहाने उसे फेंक कर राष्ट्रीय सचिव सचिन नायक को दे मारा।
सचिन नायक पूर्वांचल सह प्रभारी भी है जो संगठन का काम देखते हैं। महिला कार्यकर्ता तारा देवी ने कहा कि वो चार साल से पार्टी सदस्य है। महिला नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रत्याशी मुकुंद भास्कर मणी पर रेप का आरोप है और उन्हें पार्टी ने टिकट देकर गलत काम किया है। महिला कार्यकर्ता ने कहा कि हम चाहते है की साफ सुथरे छवि के लोगों को टिकट दिया जाए। यही बात कहने के लिए राष्ट्रीय सचिव नायक के पास गई थी।


Download Android App
Download iOS App



