उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लोकभवन में हाल ही में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा शहर में नया सेल्फी पॉइंट बन गई है। लोकभवन में ही मुख्यमंत्री कार्यालय स्थित है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर लोकभवन के दरवाजे रविवार को आम नागरिकों के लिए खोले जाते हैं और सैकड़ों की संख्या में लोग वाजपेयी की 25 फुट ऊंची प्रतिमा के साथ सेल्फी लेते हैं।
पिछले महीने 25 दिसंबर को वाजपेयी की जयंती के अवसर पर उनकी पीतल की प्रतिमा का अनावरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। प्रतिमा का निर्माण जयपुर निवासी राजकुमार ने लगभग 95 लाख रुपये की लागत से किया था। अपने परिवार के साथ लोकभवन में अटल की प्रतिमा के साथ सेल्फी लेने वाले एक व्यापारी ऋषि मेहरोत्रा ने कहा, “मेरे दादा जी अटल बिहारी वाजपेयी के मित्र थे और आज यहां होना हमारे लिए विशेष क्षण है।”
इस बीच प्रदेश सरकार ने लोकभवन की सुरक्षा बढ़ा दी है और परिसर के सामने के दरवाजे पर, जहां प्रतिमा स्थापित है, लगभग 100 पुलिसकर्मी तैनात कर दिए हैं। प्रतिमा देखने आने वालों को लोकभवन में प्रवेश की अनुमति नहीं है और प्रवेश से पहले सभी आगंतुकों की सघन जांच की जाती है। प्रत्येक आगंतुक की जानकारी एक रजिस्टर में दर्ज की जाती है और सीसीटीवी कैमरे आगंतुकों की हर गतिविधि पर नजर रखते हैं।


Download Android App
Download iOS App



