समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद आजम खां की हालत सोमवार को गंभीर हो गई है। उन्हें पहले से ज्यादा ऑक्सीजन देने की जरूरत पड़ रही है। हलांकि उनके बेटे अब्दुल्ला की तबियत पहले से बेहतर है।
रविवार शाम सपा सांसद और उनके पुत्र को लखनऊ स्थित शहीद पथ स्थित मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां सपा सांसद आजम खां को 4 लीटर प्रति घंटे की दर से ऑक्सीजन दिया जा रहा था। रात में ही सिटी स्कैन व अन्य जांच कराई गई। सपा सांसद के फेफड़े में गंभीर संक्रमण पाया गया है। जबकि उनके बेटे अब्दुल्ला की स्थिति ठीक है।
मेदांता हॉस्पिटल के मेडिकल डायरेक्टर राकेश कपूर ने बताया कि ऑक्सीजन जरूरत बढ़ी है। करीब उन्हें 10 लीटर ऑक्सीजन की जरूरत पड़ रही है। उन्हें कोविड आईसीयू में रखा गया है। क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की टीम पल-पल की निगरानी कर रही है। संसद के बेटे मोहम्मद अब्दुल्ला खान की स्थिति संतोषजनक है। लेकिन उन्हें भी डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
सीतापुर जिला कारागार के डिप्टी जेलर ओंकार पांडेय ने बताया कि आजम खान और उनके पुत्र अब्दुल्ला की 30 अप्रैल को आरटीपीसीआर जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। एक सप्ताह पहले दो मई को प्रशासन ने बेहतर इलाज के लिए आजम खान को लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी लेकिन उन्होंने सीतापुर जेल से बाहर जाने से इंकार कर दिया था।
उल्लेखनीय है कि जमीन हथियाने, अतिक्रमण और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में आजम खान अपने बेटे के साथ फरवरी 2020 से ही जिला कारागार सीतापुर में बंद हैं। उनकी पत्नी को दिसंबर 2020 में अदालत ने जमानत दे दी थी।


Download Android App
Download iOS App



