उत्तर प्रदेश के रामपुर से कुछ दिनों पूर्व लोकसभा के लिए निर्वाचित होने वाले समाजवादी पार्टी सांसद आजम खान का कहना है कि वह अपनी संसदीय सीट छोड़ने और अगला विधानसभा चुनाव लड़ने के बारे में सोच रहे हैं।
आजम खान ने कहा, “मेरे निर्वाचन क्षेत्र में चिकित्सक नहीं हैं न ही स्वास्थ्य सुविधाएं हैं। हम एक अस्पताल चला रहे हैं, लेकिन इसे खत्म करने का प्रयास किया जा सकता है। बैराज का निर्माण किया जाना चाहिए, इसका निर्माण लंबित है। मैं संसद छोड़ने का विचार कर रहा हूं और राज्य विधानसभा चुनाव लड़ने के बारे में सोच रहा हूं। यह संभव है कि मैं आगामी उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव लड़ूंगा।”
उन्होंने कहा कि उनके लिए उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोगों का कल्याण सर्वोपरि है और वह इसके लिए कोई भी पद छोड़ने के लिए तैयार हैं। हाल में हुए लोकसभा चुनावों में आजम खान ने भाजपा की जया प्रदा को रामपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से हराया था।
अपने निर्वाचन क्षेत्र में सरकारी काम में बाधा डालने व मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के लिए बिना अनुमति सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जा करने को लेकर आजम खान अपने खिलाफ कथित तौर पर दाखिल शिकायत के बाद संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे। सभी आरोपों से इनकार करते हुए खान ने कहा, “जो भी कुछ हुआ है, किसी से छिपा नहीं है। राज्य से मुझे हटाने के लिए सभी तरह के प्रयास किए गए है, मेरी हत्या का भी प्रयास किया गया। मेरा लाइसेंस रद्द कर दिया गया।”
उन्होंने कहा, “मुझ पर गंभीर आरोप लगाकर मुठभेड़ में मुझे मारने की साजिश रची गई। समाचार पत्रों ने लिखा है कि सभी विजेता सांसदों में मैं सबसे बड़ा आपराधिक सांसद हूं, मेरे खिलाफ सबसे ज्यादा मामले हैं।” एक सवाल के जवाब में आजम ने कहा कि उन्होंने यह संपत्ति पूर्ववर्ती सरकार से खरीदी है और इसे साबित करने के लिए उनके पास दस्तावेज हैं।


Download Android App
Download iOS App



