नदी के किनारे हाथ-पैर धोने गए 12 वर्षीय बच्चे को मगरमच्छ ने जिंदा निगला, पानी में पटक-पटककर नीचे ले गया

Summary :

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में घाघरा नदी के किनारे एक दर्दनाक घटना में 12 वर्षीय सुनील सिंह को मगरमच्छ ने जिंदा खा लिया। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। सुनील अपने चाचा के साथ धान रोपाई के लिए खेत में गया था और नदी में हाथ-पैर धोने के दौरान मगरमच्छ के हमले का शिकार हो गया।

उत्तर प्रदेश के बहराइच में मगरमच्छ ने एक 12 साल के मासूम को जिंदा खा लिया। वह अपने घर का इकलौता चिराग था। बच्चे अपने चाचा के साथ धन रोपाई करने के लिए नदी किनारे खेत में गया था। वह घाघरा नदी के किनारे हाथ-पैर धोने गया, इसी दौरान मगरमच्छ ने उसे दबोच लिया। उसने बच्चे को पहले पानी में कई बार पटका और उसके बाद नदी के अंदर खिंच ले गया। इस दर्दनाक घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।

बच्चे को जबड़े में दबाकर नदी में खींच ले गया मगरमच्छ

मृतक की पहचान सुनील सिंह के रूप में हुई है, वह तिकुरी निवासी बुधराज सिंह का पुत्र था। सुनील अपने चाचा के साथ घाघरा (सरयू) नदी के किनारे खेत में रोपाई करने गया था। वह हाथ-पैर धोने के लिए नदी के पास गया, वहां किनारे बैठे मगरमच्छ ने बच्चे पर हमला किया और बार-बार उसे पानी में पटका। बच्चे ने भी खुद को बचाने के लिए हाथ-पैर छट-पटाए लेकिन उसकी कोशिश नाकाम रही। वहां मौजूद उसके चाचा और ग्रामीणों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह बच्चे को नदी के अंदर ले जाने में कामयाब रहा।

तीन बहनों का अकेला भाई

जानकरी के अनुसार, मृतक के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उसकी तीन बहनें हैं और वह अकेला भाई था। घर के इकलौते चिराग की मौत से बहनें सदमें में हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक माधवपुरवा करेहना विद्यालय में कक्षा 6 का छात्र

टॉर्च के उजाले में ग्रामीणों ने निकाला बच्चे का शव

ग्रामीणों ने नदी में तलाशी अभियान चलाया। घटनास्थल से करीब 500 मीटर तक नदी में खोजबीन की गई। तलाश करते-करते रात हो चुकी थी, ग्रामीणों ने टॉर्च की रोशनी में बच्चे को खोजा। करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 11:30 बजे बच्चे का शव मिला। मगरमच्छ ने बच्चे का दाहिना पैर और पेट का हिस्सा खा लिया था। ग्रामीणों ने नदी से शव को निकालकर, पुलिस को सूचना दी। शुक्रवार सुबह पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।