उत्तर प्रदेश पुलिस ने सीतापुर में अभद्र भाषा और “बलात्कार की धमकी” देने वाले महर्षि लक्ष्मण दास उदासी आश्रम के बजरंग मुनि दास को गिरफ्तार कर लिया गया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि पुलिस ने उन्हें उत्तर प्रदेश के सीतापुर में गिरफ्तार किया है।
बता दें कि सीतापुर के खैराबाद कस्बे में महर्षि लक्ष्मण दास उदासी आश्रम के महंत बजरंग मुनि दास ने कथित तौर पर 2 अप्रैल को मुसलमान महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। जिसका एक वीडियो बाद में बहुत तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था और महंत के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही थी।
समर्थकों ने संत की गिरफ्तारी के खिलाफ किया हंगामा
बजरंग मुनि की गिरफ्तारी से उनके समर्थकों में बहुत आक्रोश है, जिस कारण उन्होंने खैराबाद कस्बे में जमकर बवाल काटा। हालांकि इस दौरान घटनास्थल पर बड़ी संख्या में मौजूद पुलिस बल ने हल्का बल प्रयोग करके बजरंग मुनि के समर्थकों को तितर-बितर कर दिया। बता दें कि बजरंग मुनि को पुलिस ने इटौंजा टोल प्लाजा पर गिरफ्तार कर लिया था। संत के वकीलों ने बाबा की बीमारी का हवाला देते हुए जमानत के लिए अर्जी दे दी गयी थी, लेकिन न्यायाधीश ने उन्हें मामले में सुनवाई तक जेल भेज दिया।
संत ने दी थी अपहरण और बलात्कार की धमकी
एक मस्जिद के बाहर दिए गए 2 मिनट के भाषण में उन्हें एक समुदाय विशेष को संदर्भित करने के लिए “जेहादी” शब्द का उपयोग करते हुए और उन्हें धमकी देते हुए सुना जा सकता है कि यदि उस समुदाय के किसी भी व्यक्ति द्वारा किसी हिंदू लड़की को परेशान किया जाता है या उनके साथ किसी भी तरह की बदसलूखी की जाती है, तो वह खुद उनकी बहन-बेटियों का अपहरण करके उनके साथ बलात्कार करेगा।
पुलिस द्वारा उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के कुछ घंटों बाद शुक्रवार शाम को बजरंग मुनि ने अपने विवादित बयान के लिए माफी मांगते हुए एक वीडियो बनाया। वहीं इस मामले में संत की गिरफ्तारी में देरी पर सवाल उठाते हुए यूपी में विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) ने बुधवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को ‘भाईचारे का सबसे बड़ा दुश्मन’ कहा था।
SP ने साधा योगी सरकार पर निशाना
समाजवादी पार्टी ने एक ट्वीट करते हुए भाजपा से पूछा, “पुलिस अभी भी खाली हाथ क्यों है? सरकार को जवाब देना चाहिए। आरोपी पर बुलडोजर कब चलेगा? सीएम को बताना चाहिए।” पोस्ट के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक और ट्वीट किया जिसमें उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ से संत के वेश में छिपे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा था।



Download Android App
Download iOS App



