उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के थाना सतरिख के एक गांव की निवासी 18 वर्षीय दलित युवती का खेत में शव मिलने की घटना के बाद प्रभारी पुलिस अधीक्षक आर एस गौतम ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का खुलासा करते हुए बताया कि युवती की हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है । गौरतलब है कि थाने के एक ग्राम निवासी जगजीवन ने थाने में पुलिस को सूचना दी थी कि कि गत 14 अक्टूबर लगभग शाम 4 बजे उसकी 18 वर्षीय पुत्री धान काटने गई थी और वह देर शाम तक नहीं लौटी तो वह उसे ढूंढने गया जहां खेत में उसकी लाश मिली।
सूचना पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आरंभिक साक्ष्य एकत्र किए और प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया था। ग्रामीणों का कहना था कि उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे। हाथ पीछे से मुड़े हुए थे और लग रहा था जैसे हाथ पीछे से बांधे गए हो। शव की स्थिति को देखते हुए युवती के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही थी।
गौतम ने बताया कि युवती की गला दबाकर हत्या करने से पहले दरिंदो ने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। इस बात का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हुआ। पुलिस ने रिपोर्ट में हत्या के साथ आरोपियों पर बलात्कार का भी मुकदमा दर्ज कर लिया है।


Download Android App
Download iOS App



