समाजवादी पार्टी (सपा)के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि ”भारतीय जनता पार्टी झूठ पर शोध करती है और नफरत फैलाती है।” यहां समाजवादी पार्टी के मुख्यालय में शुक्रवार को नव वर्ष की शुभकामना और बधाई देने आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा,”पार्टी कार्यकर्ताओं को जनता को सच्चाई बतानी है और सपा सरकार की उपलब्धियों के बारे में भी बताना है।
मंहगाई बढ़ गई है और सरकार किसानों को बहका रही है।” सपा की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार अखिलेश यादव ने कहा, ” किसानों को बाजार के सहारे नहीं छोड़ा जा सकता है, लेकिन भाजपा सरकार कॉरपोरेट की पक्षधर है, इसीलिए किसान विरोधी तीन कानून बनाकर उन्हें बर्बाद करने का षडयंत्र रचा है, जिसके विरोध में किसान आक्रोशित हैं।”
उन्होंने कहा,”लोकतंत्र बचाने का आखिरी चुनाव अगले वर्ष 2022 में होना है और यह भाजपा को हराने का अंतिम अवसर है। किसान, गरीब, नौजवान सभी भाजपा के विरूद्ध लामबंद हो रहे हैं और समाजवादी पार्टी के साथ हैं।”
विज्ञप्ति के अनुसार सपा संस्थापक व पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव ने नववर्ष 2021 के लिए सभी देशवासियों को बधाई देते हुए उनके सुख-समृद्धि की कामना की है और सन् 2022 के विधानसभा चुनावों में बहुमत दिलाकर सपा सरकार बनाने के लिए एकजुट होने को कहा।


Download Android App
Download iOS App



