योगी आदित्यनाथ को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरूवार शाम उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमण्डल ने राज्यपाल को बताया कि आज लोकभवन में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से श्री योगी आदित्यनाथ को भाजपा का विधायक दल का नेता चुना गया है। उनसे आग्रह किया गया कि इस संदर्भ में श्री योगी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में एवं उनके मंत्रिमण्डल के शपथ ग्रहण के लिये जरूरी निर्देश जारी किये जाये।
राज्यपाल योगी आदित्यनाथ को सरकार बनाने का दिया न्यौता
राज्यपाल ने कहा कि अपने प्रस्तावित मंत्रिमण्डल के सहयोगियों को शपथ दिलाने के लिये उनकी सूची भी प्रस्तुत करें ताकि संविधान के अनुच्छेद 164(1) के तारतम्य में शपथ दिलायी जा सके। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा विधायक दल के नेता योगी आदित्यनाथ ने भी राज्यपाल जी से शिष्टाचार भेंट की तथा राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने का न्योता दिया।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधा मोहन, केशव प्रसाद मौर्य, डा दिनेश शर्मा, सुरेश खन्ना, रघुवर दास, आशीष पटेल (अपना दल) आदि उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



