भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सीकरी से लोकसभा सांसद राजकुमार चाहर ने किसान संगठनों से जिद छोड़कर आंदोलन खत्म करने और अपने-अपने घर लौटने की अपील की है।
चाहर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़े दिल से कृषि कानूनों को वापस ले लिया है। इन संगठनों का अपना नारा था कि ‘बिल वापसी नहीं, घर वापसी नहीं’, और अब जब इन बिलों को निरस्त कर दिया गया है, तो उन्हें जिद को छोड़ देना चाहिए और अपने घरों को वापस लौटकर आंदोलन समाप्त करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर एक समिति भी बना रही है और उनकी अन्य मांगों पर भी विचार कर रही है। आंदोलन को ‘राजनीति से प्रेरित’ बताते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि यह सच साबित होता दिख रहा है कि विपक्षी दल और ये किसान संगठन किसानों के मुद्दों पर ‘राजनीति’ कर रहे हैं।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए चाहर ने कहा कि पूरा देश राहुल गांधी की मंशा को समझ चुका है। उन्होंने कहा कि राहुल देश में ‘अराजकता फैलाना’ चाहते हैं, किसानों के नाम पर राजनीति करना चाहते हैं। कांग्रेस लंबे समय से देश में सत्ता में है लेकिन फिर उन्होंने ‘न तो एमएसपी के बारे में बात की और न ही किसानों के बारे में सोचा।’


Download Android App
Download iOS App



