समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को दावा किया कि लोकसभा चुनाव के अब तक संपन्न हुए दो चरण के मतदान में तथा तीसरे चरण में भाजपा का खाता नहीं खुल सकेगा। अखिलेश ने रामपुर लोकसभा सीट से गठबंधन प्रत्याशी आजम खां (सपा) के समर्थन में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ”हमें यकीन है इस बात का, पहले चरण और दूसरे चरण, भाजपा का दोनों चरणों में खाता नहीं खुल रहा है । तीसरे चरण में भी भाजपा का कोई खाता खुलने वाला नहीं है।”
उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती की मौजूदगी में कहा कि देश बहुत नाजुक समय से गुजर रहा है। कोई वर्ग ऐसा नहीं बचा है, जिसे दुख ना पहुंचा हो। अखिलेश ने कहा कि किसान का जीना दूभर हो गया है और नौजवानों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा, ”पांच साल की दिल्ली की सरकार और दो साल की उत्तर प्रदेश की सरकार ने हर वर्ग के लोगों को दुखी किया है । लोकतंत्र में जो जनता को दुख देते हैं, समय आने पर जनता उनसे हिसाब किताब लेने का भी काम करती है।”
कांग्रेस सबसे ‘धोखेबाज’ पार्टी : अखिलेश यादव
अखिलेश ने भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि वे हमें ‘महामिलावट’ कहते हैं। ”वो जान लें, जनता की आवाज सुन लें कि ये महामिलावट की आवाज नहीं बल्कि इस बार महापरिवर्तन आने वाला है।” उन्होंने कहा, ”भाजपा के लोग कहते हैं कि नया देश बनेगा। ये नये देश की बात कर रहे हैं लेकिन महागठबंधन कह रहा है कि देश को नया प्रधानमंत्री मिलने जा रहा है । जब नया प्रधानमंत्री बनेगा, तभी जाकर नया देश बनेगा।”


Download Android App
Download iOS App




