UP में महिलाओं, दलितों पर अत्याचार के लिए बीजेपी की दलित विरोधी मानसिकता जिम्मेदार : कांग्रेस

Summary :

उत्तरप्रदेश पुलिस के मुताबिक, कुशीनगर की घटना सात जून को अहिरौली बाजार थाना इलाके में एक गांव में हुई।

कांग्रेस ने उत्तरप्रदेश में महिलाओं और दलितों के खिलाफ अत्याचार की बढ़ती घटनाओं के लिए सोमवार को राज्य की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि उत्तरप्रदेश में कानून-व्यवस्था की नाकामी के लिए भगवा पार्टी की दलित विरोधी मानसिकता जिम्मेदार है। 
उत्तरप्रदेश के कुशीनगर जिले में छह लोगों द्वारा 12 वर्षीय दलित लड़की से कथित बलात्कार एक खबर को टैग करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘‘बीजेपी शासित उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बेजार, आये दिन महिलाओं व दलितों पर बढ़ रहे अनाचार, आँख मूँद कर बैठी है अजय सिंह बिष्ट सरकार, बीजेपी की दलित विरोधी मानसिकता ही जिम्मेवार।’’ 

कांग्रेस अक्सर उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ‘‘अजय सिंह बिष्ट’’ कहकर पुकारती है। उत्तरप्रदेश पुलिस के मुताबिक, कुशीनगर की घटना सात जून को अहिरौली बाजार थाना इलाके में एक गांव में हुई। पुलिस अधीक्षक आर एन मिश्रा ने रविवार को कहा, ‘‘धारा 376 (दुष्कर्म), पॉक्सो (बच्चों को यौन उत्पीड़न से संरक्षण संबंधित) कानून और अनुसूचित जाति/जनजाति कानून सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।’’ 

Desk Team