पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने सोमवार को नागरिकों से 30 जून तक अपनी संपत्ति घोषित करने को कहा। इमरान ने वित्तवर्ष 2019-20 के लिए संघीय बजट से पहले राष्ट्र को एक टेलिविजन संबोधन में यह अपील की।
वित्तवर्ष 2019-20 का बजट मंगलवार को घोषित किया जाना है।
डॉन न्यूज ने इमरान खान के हवाले से कहा, “मैं आप सभी से एसेट डिक्लेरेशन स्कीम में भाग लेने की अपील करता हूं, जिसे हम लाए हैं, क्योंकि अगर हम कर का भुगतान नहीं करेंगे तो हम अपने देश को आगे बढ़ाने में सक्षम नहीं होंगे।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों के पास अपनी बेनामी संपत्ति, बेनामी बैंक खातों व विदेश में रखे गए धन की घोषणा करने के लिए समय सीमा तक समय है।
उन्होंने कहा, “30 जून के बाद आपको यह अवसर नहीं मिलेगा।”उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने समझौते किए हैं और विदेशों से पाकिस्तानियों की संपत्तियों और बैंक खातों के बारे में जानकारी प्राप्त कर रही है। उन्होंने कहा, “हमारी एजेंसियों के पास किसके पास बेनामी खाते है और बेनामी संपत्ति है, इस बारे में सूचना है। इससे पहले यह हमें प्राप्त नहीं थी, इसलिए इस योजना का फायदा लें। पाकिस्तान को लाभ पहुंचाएं।”
पाकिस्तान की तहरीक-ए-इंसाफ सरकार ने मई में एसेट डिक्लेरेशन स्कीम की घोषणा की थी। इस घोषणा के तहत अघोषित व्यय, बिक्री व संपत्तियां, विदेशी संपत्तियां को नाममात्र के कर दर पर वैध किया जा सकता है।


Download Android App
Download iOS App



