UP की तस्वीर बदल सकती है बसपा की आयरन सरकार : मायावती

Summary :

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने आज यानी रविवार को कहा कि गरीबी,बेरोजगारी के सताये लोग वोट की ताकत से अपनी तकदीर और प्रदेश की तस्वीर बदल सकते है मगर इसके लिये उन्हे बसपा की आयरन सरकार को बनाना जरूरी होगा।

उत्तर प्रदेश में सातवें यानी आखिरी चरण के मतदान के लिए प्रचार का शोर कल शाम  6 बजे थम गया है। आखिरी चरण का रण जीतने के लिए सभी पार्टीया अपनी पूरी ताकत झोक रही हैं। माना जा रहा है कि राज्य में मुख्य मुकाबला बीजेपी और एसपी के बीच है और कुछ सीटों पर बीएसपी मजबूत स्थिति में है। इसी कड़ी में  बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने आज यानी  रविवार को कहा कि गरीबी,बेरोजगारी के सताये लोग वोट की ताकत से अपनी तकदीर और प्रदेश की तस्वीर बदल सकते है मगर इसके लिये उन्हे बसपा की आयरन सरकार को बनाना जरूरी होगा।
मायावती का ट्वीट

उन्होने ट्वीट कर  कहा  कि‘‘ यूपी के नौ जिलों की 54 विधानसभा सीटों पर कल सातवें व अन्तिम चरण के मतदान में यहाँ गरीबी व बेरोजगारी के सताए हुए उपेक्षित लोग अपने वोट की ताकत से अपनी तकदीर तथा प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम कर सकते हैं, जिसके लिए बीएसपी की सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय की आयरन सरकार बनानी जरूरी।’’ उन्होने कहा ‘‘ जग-जाहिर है कि विरोधी पार्टियों के किस्म-किस्म के लुभावने वादे व आश्वासन सभी घोर वादाखिलाफी साबित हुई है।  इनकी सरकारों में यूपी के लोगों के हालात संभलने व वादे के मुताबिक अच्छे दिन लाने के बजाय लगातार बिगड़ती गई है। इसीलिए अब इनके बहकावे में नहीं आना ही होशियारी।
 यूपी के चुनाव को अपने पक्ष में करने का खूब जतन किया

’’ एक अन्य ट्वीट  में बसपा प्रमुख ने कहा कि विरोधी पार्टियों ने धनबल सहित साम, दाम, दण्ड, भेद आदि सभी प्रकार के हथकण्डों को अपनाकर यूपी के चुनाव को अपने पक्ष में करने का खूब जतन किया, लेकिन जानलेवा महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी, सरकार की निरंकुशता व आवारा पशु आदि से पीड़ति जनता अपने बुनियादी मुद्दों पर डटी रही है।
2017 के चुनाव में बसपा को छह सीटें मिली
गौरतलब है कि यूपी विधानसभा चुनाव के सातवें चरण में सोमवार को नौ जिलों की 54 विधानसभा सीटों के लिये मतदान होगा। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में बसपा को अंतिम चरण में छह सीटें मिली थी।

Desk Team