उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में अपनी बहन से शादी रचाने के आरोप में एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी । मुख्य विकास अधिकारी चर्चित गौड़ ने बृहस्पतिवार को बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह योजना के तहत जिले में 11 दिसंबर को विभिन्न तहसीलों में 349 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया था। इसमें उपहार स्वरूप गृहस्थी का सामान, कपड़े आदि देकर दूल्हा-दुल्हन को परिणय सूत्र में बांधा गया था।
उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में जिले के टूंडला ब्लाक के गांव नगला प्रेम निवासी महेंद्र सिंह नामक युवक ने विवाह समारोह के नियमों को ताक पर रखकर अपनी बहन से विवाह कर धोखा किया। मामला तब प्रकाश में आया जब दूल्हा-दुल्हन की शादी का वीडियो गांव में लोगों ने देखा और उन दोनों के भाई-बहन होने का खुलासा किया। गौड़ ने बताया कि इस मामले की जांच कराकर सहायक विकास अधिकारी चंद्रभान सिंह ने थाना टूंडला में मुकदमे के लिए तहरीर दी थी, इस पर बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।


Download Android App
Download iOS App



