अलीगढ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग में एक महिला सहायक प्रोफेसर और उनके पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है । उन पर पिछले महीने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर समाज के विभिन्न वर्गों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देने का आरोप है ।
अखिल भारतीय हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक पाण्डेय ने इस बारे में 14 नवंबर को गांधी पार्क थाने में शिकायत दी थी ।
शिकायत में कहा गया था कि हुमा परवीन :34: के सोशल मीडिया पर किये गये पोस्ट देश की एकता के लिए खतरा हैं । इनका मकसद कश्मीर में सुरक्षाबलों के मनोबल को नुकसान पहुंचाना था । इसी के आधार पर पुलिस ने हुमा के खिलाफ मामला दर्ज किया ।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि कश्मीर में रहने वाले उनके पति नईम शौकत ने भी उनके पोस्ट साझा किए। इस कारण नईम पर भी जिले में मामला दर्ज किया गया है।
पाण्डेय ने आरोप लगाया कि हुमा की पोस्ट आपत्तिजनक है । सितंबर के दूसरे सप्ताह में चंद्रयान से संपर्क टूटने के बाद हुमा ने अनुचित पोस्ट डाले थे । परवनी ने पोस्ट में लिखा था, ”सच में संपर्क टूट जाना कितना खतरनाक और दुखद होता है, चाहे चंद्रयान हो या कश्मीर ।”
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश कुलहरि ने कहा कि मामले की जांच हो रही है । चार्जशीट पूरी होने के बाद आरोप तय किये जाएंगे ।
एएमयू के प्रवक्ता प्रोफेसर शफी किदवई, जो जनसंचार विभाग के अध्यक्ष भी हैं, ने कहा कि पुलिस द्वारा चार्जशीट देने के बाद ही हमारी भूमिका शुरू होगी ।


Download Android App
Download iOS App



