लखनऊ में ठेले लगाने के विवाद के बाद चाट विक्रेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार की रात 9.30 बजे की है। वारदात उस वक्त हुई, जब राजेश गौतम अपनी दुकान पर थे, तभी पड़ोसी कालिया यादव पहुंचा और पहले ठेला लगाने की बात को लेकर गाली-गलौज की। इसके बाद फायरिंग कर दी। पेट में गोली लगने से राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने उसे तुरंत केजीएमयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हुई थी। गोली लगने से पहले राजेश की नेपाली युवक से बहस हुई थी।
कालिया यादव पर हत्या का आरोप
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी कालिया यादव भी पास में दुकान लगाता है। कालिया लंबे समय से राजेश पर ठेला हटाने का दबाव बना रहा था। शुक्रवार रात कालिया नशे में धुत होकर आया और वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित : एडीसीपी
एडीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। शुरुआती जांच में ठेला लगाने की बात पर विवाद होने की बात सामने आई है।
ठाकुरगंज का रहने वाला था राजेश
राजेश ठाकुरगंज के शेखपुर हबीबपुर के निवासी था। लोगों का कहना है कि घटना से कुछ देर पहले दुकान पर नेपाली युवक से बहस हुई थी। इसके बाद गोली चली है।


Download Android App
Download iOS App



