लखनऊ : चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण में अहम भूमिका निभाने वाली अपनी पूर्व छात्रा रितु करधिल को लखनऊ विश्वविद्यालय ‘ऑनरिस काजा’ (मानद उपाधि) से सम्मानित करने की योजना बना रहा है। लखनऊ विश्वविदयालय के कुलपति प्रो एस पी सिंह ने शुक्रवार को पीटीआई भाषा से कहा, ‘‘ हम उन्हें (रितु को) मानद उपाधि से सम्मानित करने की योजना बना रहे है और यह कार्यक्रम अक्टूबर में आयोजित किया जायेगा क्योंकि उसी समय विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह भी होता है।’’
चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण पर इसरो वैज्ञानिक एवं मिशन निदेशक करिधल को उनके शिक्षकों, सहपाठियों और रिश्तेदारों की बधाइयों का तांता लग गया था। उनके अलावा एक अन्य महिला वैज्ञानिक एम वनिता इस अभियान में परियोजना निदेशक हैं। लखनऊ विश्वविदयालय में भौतिकी विज्ञान की विभागाध्यक्ष पूनम टंडन ने कहा था कि समूचा विभाग रितु कारिधल की सफलता से गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘वह एक बहुत मेधावी छात्रा रही हैं और मौजूदा बैच के लिए एक रोल मॉडल हैं।’’ करिधल ने 1996 में यहां से भौतिकी में एमएससी की शिक्षा पूरी की थी। सोमवार को रवाना हुआ ‘चंद्रयान-2’ चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरेगा।


Download Android App
Download iOS App



