उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मिर्जापुर जिले में 202 करोड़ की 660 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने सोमवार को बाबू उपरौध इंटर कॉलेज ग्राउंड में आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प है कि आधी आबादी को पूरा सम्मान हर हाल में मिलना ही चाहिए। उनके संकल्प को प्रदेश सरकार तमाम योजनाओं के माध्यम से पूरा कर रही है। सीएम योगी ने कहा कि यहां पहले एक साल में जितने श्रद्धालु आते थे, उससे कहीं अधिक केवल नवरात्रि में आने लगे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए मां विंध्यवासिनी के धाम में भव्य कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं का विस्तार तो होगा ही साथ ही साथ बड़ी संख्या में रोजगार का भी सृजन होगा।
मांग को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए पूरा किया गया
सीएम ने कहा कि चाहे जनधन अकाउंट हो, उज्ज्वला योजना हो, सौभाग्य योजना, स्वास्थ्य बीमा कवर, आवास योजना हो या स्वामित्व योजना, इन सभी को प्रभावी रूप से लागू करने की श्रृंखला में देश की नई संसद बनने के उपरांत पहले ही सत्र में देश की आधी आबादी को वर्षों से चल रही उनकी मांग को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए पूरा किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा विंध्यवासिनी धाम नारी शक्ति के सशक्तीकरण का सबसे बड़ा उदाहरण है। ये मां विंध्यवासिनी, मां अष्टभुजी और मां काली के त्रिकोण के रूप में हमें जीवन की समग्रता का दर्शन कराता है। नारी शक्ति के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव हमारे मन में हमेशा बना रहे, इसी के लिए मां विंध्यवासिनी के धाम में भव्य कॉरिडोर का निर्माण कराया जा रहा है।
विकास के लिए प्रदेश सरकार संकल्पबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि मिर्जापुर के विकास के लिए प्रदेश सरकार संकल्पबद्ध है। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि जल्द से जल्द जमीन चिह्नित करके प्रस्ताव भेजें, जिसके बाद एक्ट बनाकर शीघ्रातिशीघ्र यहां विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया जा सके।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं को प्रमाणपत्र, लैपटॉप एवं टूलकिट प्रदान किया। वहीं, लोकसंगीत, शिक्षा, चिकित्सा, खेल, समाजसेवा, न्यायिक और सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 11 महिलाओं को विंध्य शक्ति सम्मान से सम्मानित किया।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



