उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव, बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को अपने शपथ ग्रहण समारोह में शरीक होने के लिये आमंत्रित किया है।
योगी ने विपक्षी दलों के तीनों प्रमुख नेताओं को निजी तौर पर टेलीफोन कर शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहने का किया अनुरोध
योगी ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत प्राप्त करने वाली भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद देर शाम मुलायम, मायावती और अखिलेश से टेलीफोन पर बात कर 25 मार्च को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के लिये आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि योगी ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की ओर से उन्हें सरकार बनाने के लिये आमंत्रित किये जाने के बाद विपक्षी दलों के तीनों प्रमुख नेताओं को निजी तौर पर टेलीफोन कर उनसे शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहने का अनुरोध किया।
योगी को आज शाम भाजपा विधायक दल की बैठक में विधानमंडल दल का नेता चुना गया
गौरतलब है कि योगी को आज शाम भाजपा विधायक दल की बैठक में विधानमंडल दल का नेता चुना गया। इसके बाद भाजपा की ओर से योगी को चुनाव में उभरे सबसे बड़े दल के नेता के रूप में चुने जाने की राज्यपाल को जानकारी देते हुए उन्हें सरकार बनाने के लिये आमंत्रित करने का अनुरोध किया गया। जिसे राज्यपाल ने स्वीकार कर योगी को शुक्रवार को लखनऊ स्थित इकाना स्टेडियम में अपने मंत्रिमंडल के साथ शपथ ग्रहण करने के लिये आमंत्रित किया है।
इकाना स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी
इकाना स्टेडियम में सायं चार बजे आयोजित शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित भाजपा शासित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की आधिकारिक जानकारी दी गयी है। सूत्रों के अनुसार नवगठित योगी मंत्रिमंडल में लगभग चार दर्जन चेहरों को शामिल किये जाने की संभावना है। इनमें पिछली सरकार के 40 मंत्रियों को दोबारा मौका दिये जाने के अलावा आठ नये चेहरों को भी शामिल किया जा सकता है।


Download Android App
Download iOS App



