मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को स्थानीय बाबा राघव दास मेडिकल कालेज (बीआरडी) में 300 बिस्तरों वाले कोविड अस्पताल की शुरूआत की। यहां पर 200 बिस्तरों का कोविड अस्पताल पहले से है। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि प्रदेश में कोरोना के खिलाफ मजबूती के साथ लड़ाई लड़ी जा रही है, जैसे हमने इन्सेफ्लाइटिस के खिलाफ लड़ाई लड़ी जो पिछले चालीस साल से एक बडी समस्या थी ।
योगी ने सोमवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में अतिथि गृह, बायो सेफ्टी लैब (बीएसएल) लेवल- 3 व 100 बिस्तरों के पीजी हॉस्टल का भी उद्घाटन किया। इसके बाद कोविड अस्पताल में बने हेल्प डेस्क, 200 बेड का पृथक-वास वार्ड एवं 100 बिस्तरों वाले गहन चिकित्सा इकाई का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने मेडिकल कालेज के प्राचार्य गणेश कुमार, डाक्टरों, प्रशासनिक अधिकारियों, सांसद रवि किशन और मेयर सीताराम जायसवाल के साथ बैठक की।
नवनिर्मित कोविड अस्पताल में 300 बेड होंगे। इसमें 200 बेड का लेवल-टू वार्ड होगा। इसे अलावा 100 बेड की वेंटिलेटर यूनिट होगी जिसमें गंभीर मरीजों का इलाज होगा। इसका संचालन शुरू होने के साथ ही बीआरडी में कोरोना वार्ड के बेड की संख्या 500 हो जाएगी। बीआरडी में पहले से सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में 200 बेड का कोविड वार्ड संचालित हो रहा है।


Download Android App
Download iOS App



