उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राज्यसभा में विपक्ष के जोरदार हंगामे के बीच कृषि संबंधी दो विधेयकों को पारित किए जाने का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे कृषि क्षेत्र में नए युग का सूत्रपात होगा।
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने यहां बताया कि मुख्यमंत्री ने देश में कृषि सुधार के दो महत्वपूर्ण विधेयकों-कृषक उपज व्यापार और वाणिज्य (संवर्धन और सरलीकरण) विधेयक’ तथा ‘कृषक (सशक्तिकरण व संरक्षण) कीमत आश्वासन और कृषि सेवा पर करार विधेयक’ को पारित किए जाने का स्वागत किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि यह विधेयक कृषि क्षेत्र में व्यापक बदलाव लाने वाले सिद्ध होंगे। इन विधेयकों को कृषि क्षेत्र में नए युग का आरम्भ करने वाला बताते हुए उन्होंने कहा कि यह विधेयक किसानों के हितों का संरक्षण सुनिश्चित करेंगे। योगी ने कहा कि यह दोनों विधेयक पूर्ण रूप से कृषि और कृषकों के हित में हैं।
यह किसानों की आय में कई गुना वृद्धि करने वाली सिद्ध होंगे। अब किसानों को कानूनी बंधनों से आजादी मिलेगी, कृषि क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन आएगा, खेती-किसानी में निजी निवेश होने से तेज विकास होगा तथा रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। कृषि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होने से देश की आर्थिक स्थिति और सुदृढ़ होगी।
गौरतलब है कि राज्यसभा ने कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस सहित कुछ विपक्षी दलों के सदस्यों के जोरदार हंगामे के बीच ‘कृषक उपज व्यापार और वाणिज्य (संवर्धन और सरलीकरण) विधेयक’ तथा ‘कृषक (सशक्तिकरण व संरक्षण) कीमत आश्वासन और कृषि सेवा पर करार विधेयक’ को मंजूरी दे दी। लोकसभा में यह दोनों विधायक पहले ही पारित किए जा चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



