कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा के पूर्व सदस्य आनंद प्रकाश गौतम ने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुये पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। गौतम ने सोमवार शाम संवाददाताओं से बातचीत में किसी का नाम लिए बगैर दावा किया कि जिलों में स्थानीय मठाधीशों के धन और बाहुबल के चलते जमीनी और कर्मठ कार्यकर्ता उपेक्षित हो रहे हैं।
कांग्रेस पर लगाया कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप
उन्होंने बाराबंकी से पूर्व सांसद पीएल पुनिया का नाम लिए बगैर कहा कि पार्टी के एक वरिष्ठ नेता अपने पुत्र को विधानसभा क्षेत्र जैदपुर से जिताने के लिए अन्य विधानसभा क्षेत्रों पर अपने समीकरण बैठा रहे हैं और उन्हें कांग्रेस के अन्य प्रत्याशियों के पक्ष में बात करने की फुर्सत नहीं है। गौतम ने आरोप लगाया कि ऐसे नेता जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर रहे हैं जिससे खिन्न होकर वह पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे रहे हैं।
लल्लू को भेजे त्यागपत्र में कहा नेताओं की ‘चौधराहट’ से हैं आहत
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को भेजे गए त्यागपत्र में उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग सभी जिलों में कुछ स्थानीय नेताओं की ‘चौधराहट’ से वह आहत हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाद्रा से उन्होंने कई बार मुलाकात व फोन पर बात करने की कोशिश की लेकिन उनके साथ रहने वाले लोगों ने कभी भी उनसे बात या मुलाकात नहीं कराई।


Download Android App
Download iOS App



