नोटबंदी की तीसरी वर्षगांठ पर यूपी में कांग्रेस का हल्ला बोल

Summary :

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के नोटबंदी के फैसले के खिलाफ उत्तर प्रदेश कांग्रेस शुक्रवार को रिजर्व बैंक आफ इंडिया (आरबीआई) के दफ्तरों के सामने हल्ला बोल प्रदर्शन करेगी।

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के नोटबंदी के फैसले के खिलाफ उत्तर प्रदेश कांग्रेस शुक्रवार को रिजर्व बैंक आफ इंडिया (आरबीआई) के दफ्तरों के सामने हल्ला बोल प्रदर्शन करेगी। भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारों पर गलत आर्थिक नीतियों, ढहती अर्थव्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी और किसानों पर अत्याचार जैसे संगीन आरोप लगाकर कांग्रेस पांच से 15 नवम्बर के बीच आंदोलन कर रही है। 
इस क्रम में गुरूवार को पर्चा वितरण कर जनविरोधी नीतियों के बारे में जन-जागरण किया गया। प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गुरूवार को ब्लाकों, तहसीलों, कचेहरियों एवं स्कूलों में पर्चा वितरित किया। 
लखनऊ में आन्दोलन के आब्जर्वर एवं पूर्व सांसद जेपी अग्रवाल, प्रदेश कांग्रेस सचिव एवं लखनऊ प्रभारी रमेश कुमार शुक्ल तथा पूर्व सांसद राकेश सचान की उपस्थिति में लखनऊ विश्वविद्यालय में एनएसयूआई के शहर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ‘आशू’ के नेतृत्व में पर्चा वितरण किया गया। गौरतलब है कि आठ नवम्बर 2016 की रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नोटबंदी का एलान किया था जिसका विपक्षी दलों ने जमकर विरोध किया था।

Desk Team