उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मेरठ में कुछ लोगों की छोटी-मोटी समस्याओं को पलायन बताकर विपक्षी दल भ्रम फैलाने की साजिश रच रहे हैं जो सही नहीं है।
दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन रविवार को श्री योगी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनकी सरकार लोगों की सभी तरह की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ प्रभावी ढंग से समाधान निकालेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि उनकी सरकार किसानों, व्यापारियों, युवाओं को उनकी आकांक्षाएं पूरी करने में पूरी तत्परता से लगी है। उत्तर प्रदेश गन्ने की पैदावार और चीनी के उत्पादन में देश में प्रथम स्थान पर है।
उन्होंने दावा किया कि सपा-बसपा सरकार के शासनकाल के दौरान गन्ना किसानो का 70 हजार करोड रूपये का बकाया भुगतान उनकी सरकार ने दो साल में कराने में सफलता प्राप्त की है। सरकार हाल ही में समाप्त हुए चीनी मिल पेराई सत्र का 70 फीसद भुगतान करा चुकी है और बकाए के भुगतान को 31 अगस्त तक कराने के निर्देश चीनी मिल संचालकों को दिए है।
श्री योगी ने कहा कि गन्ना किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने खांडसारी उद्योग को लाइसेंस मुक्त किया और मुजफ्फरनगर में गुड महोत्सव का पिछले दिनो सफल आयोजन हुआ था। जिसमें सौ से ज्यादा किस्मों के गुड प्रदर्शित हुआ था। उनकी सरकार गुड की ब्रांडिग और मार्केटिग को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर किए जाने का काम करेगी। रसायन रहित विभिन्न श्रेणियों के श्रेष्ठ गुड के निर्माण पर ध्यान दिया जा रहा है और कोशिश होगी कि उसका निर्यात भी हो।
मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आठवीं बार शनिवार को सहारनपुर आए थे। जहां उन्होंने कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की घंटों मंडलीय समीक्षा की।


Download Android App
Download iOS App



