कोरोना : यूपी में बीते 24 घंटे में कोरोना के 2,211 नए मामले, 38 की मौत

Summary :

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने रविवार को यहां बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 संक्रमित 38 और लोग की मौत हो गयी है। इसके साथ ही मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,146 हो गयी है

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार की ओर से हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। बीते 24 घंटे में 2,211 नए मामलों की पुष्टि हुई है और 38 लोगों की मौत हो गई है। राज्य से स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। 
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने रविवार को यहां बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 संक्रमित 38 और लोग की मौत हो गयी है। इसके साथ ही मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,146 हो गयी है। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के मुताबिक कानपुर में सबसे ज्यादा आठ मरीजों की मौत हुई है। इसके अलावा बरेली में चार, रामपुर में तीन, लखनऊ, प्रयागराज, सम्भल, गोंडा, बलिया और हमीरपुर में दो-दो, महोबा, झांसी, भदोही, महराजगंज, इटावा, गोरखपुर, बहराइच, जौनपुर, वाराणसी, मेरठ और गौतमबुद्धनगर में एक-एक रोगी की मृत्यु हुई है।
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में कोविड-19 के 2,211 नये मामले सामने आए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 392 मरीज लखनऊ में मिले हैं। इसके अलावा कानपुर नगर में 168, गौतमबुद्धनगर में 125, झांसी में 104 और प्रयागराज में 100 नये रोगी सामने आये हैं। राज्य में इस वक्त संक्रमण के 18,256 मामले उपचाराधीन हैं, जबकि 29,845 लोग पूरी तरह ठीक होकर घर जा चुके हैं। प्रसाद ने बताया कि शनिवार को प्रदेश में कुल 44,130 नमूनों की कोविड जांच की गयी। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने प्रति लाख 14 टेस्ट का मानक तय किया है जो कि उत्तर प्रदेश के लिए लगभग 32,000 प्रतिदिन होता है। इस तरह हम इस मानक से कहीं ज्यादा टेस्ट रोजाना कर रहे हैं। प्रदेश में अब तक 14,70,426 नमूनों की जांच की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि इस समय संक्रमण पूरे देश में बढ़ रहा है इसलिए बहुत जरूरी है कि हम सभी सतर्क और सावधान रहें। संक्रमण को रोकने में जनभागीदारी से ही कामयाबी मिल सकती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर जिले में कोविड-19 के नियंत्रण के लिए एक इंटीग्रेटेड कोविड-19 एंड कमांड सेंटर बनाने का निर्देश दिया है। इस सिलसिले में शासनादेश जारी कर दिया गया है।
प्रसाद ने कहा कि प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ—साथ स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारी इस कमांड सेंटर जुड़े होंगे जो कोविड-19 संचारी रोगों के संबंध में साफ-सफाई, पेयजल, दवाइयों, अस्पताल, सर्विलांस और कांटेक्ट ट्रेसिंग के पहलुओं की निगरानी करेगा।

Desk Team