उत्तर प्रदेश में कोविड-19 की नियंत्रित होती स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने नाईट कर्फ्यू का समय अब रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक कर दिया गया है। इससे पहले नाइट कर्फ्यू रात 9 बजे से सुबह 7 बजे तक लागू था। सरकार ने वीकेंड कर्फ्यू में कोई बदलाव नहीं किया है, वह पहले की तरह प्रभावी रहेगा।
सरकार की लगातार कोशिशों से राज्य में कोविड संक्रमण स्थिति नियंत्रण में है। यह निर्णय रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ बैठक में लिया। बता दें कि शनिवार को राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से चार लोगों की मौत हुई है जबकि संक्रमण के 100 नये मामले सामने आए हैं।
स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, राज्य में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 से चार लोगों की मौत होने के साथ ही राज्य में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 22,693 हो गई है। वहीं संक्रमण के 100 नये मामले आने के बाद राज्य में अभी तक कुल 17,07,225 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।राज्य में आज संक्रमण से पीलीभीत में दो और मैनपुरी तथा गोरखपुर से एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।


Download Android App
Download iOS App



