भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान में कोरोना वायरस का आतंक लगातार जारी है, इस समय पकिस्तान कोविड-19 महामारी की चौथी लहर से जूझ रहा है। देश में पिछले 3 हफ्तों से भी कम समय में हर दिन कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने वाले लोगों की संख्या 3 गुना बढ़ गयी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ संक्रमण के मामलों में वृद्धि के लिए कारोबार और पर्यटन स्थलों को फिर से खोले जाने को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। उन्होंने सरकार से लॉकडाउन लगाने की घोषणा करने का अनुरोध किया है ताकि ईद-उल-अजहा स्वास्थ्य संबंधी सख्त पाबंदियों के साथ मनाई जाए।
रविवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 1,980 नए मामले सामने आए और संक्रमण दर 4.09 प्रतिशत रही। 21 जून को संक्रमण के केवल 663 नए मामले आए थे। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय ने बताया कि यह पहली बार है जब 30 मई के बाद से संक्रमण दर चार प्रतिशत के पार चली गयी है। 30 मई को संक्रमण दर 4.05 प्रतिशत दर्ज की गयी थी। देश में कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके लोगों की कुल संख्या 9,73,284 हो गयी है जबकि पिछले 24 घंटों में 27 और लोगों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या 22,582 हो गयी है।
आंकड़ों के मुताबिक, 9,13,203 लोग इस महामारी से पूरी तरह उबर चुके हैं लेकिन करीब 2,119 लोगों की हालत गंभीर है जिसका मतलब है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। सरकार टीकाकरण पर जोर दे रही है और अभी तक कोविड-19 रोधी टीके की 1.90 करोड़ से अधिक खुराक लगायी जा चुकी हैं। विपक्षी दलों की चेतावनियों और छात्रों के प्रदर्शन के बावजूद सरकार माध्यमिक और उच्च माध्यमिक की बोर्ड परीक्षाएं करा रही है जिससे संक्रमण के मामले बढ़ सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



