कोविड-19 : उत्तरप्रदेश के गौतम बुध नगर में धारा 144 तीन मई तक बढ़ी

Summary :

अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि कोविड-19 की वजह से जनपद में कई जगह हॉटस्पॉट चिन्हित कर, उन्हें सील किया गया है और लॉक डाउन को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए धारा 144 लागू की गई है।

नोएडा : कोविड-19 के बढ़ते प्रसार को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने सभी राज्य सरकारों के सुझाव पर देश भर में देशव्यापी लॉकडाउन तीन मई तक बढ़ाने का फैसला लिया है। वहीं उत्तरप्रदेश सरकार ने गौतम बुध नगर जनपद में मंगलवार को धारा 144 तीन मई तक लगा दी है। 
अपर पुलिस उपायुक्त (कानून व्यवस्था) आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि गौतम बुध नगर जनपद में धारा 144 तीन मई तक लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 की वजह से जनपद में कई जगह हॉटस्पॉट चिन्हित कर, उन्हें सील किया गया है और लॉक डाउन को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए धारा 144 लागू की गई है।
अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि लाक डाउन के दौरान सभी राजनीतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, खेल संबंधी आयोजन, किसी भी प्रकार की प्रदर्शनी, रैलिया, जुलूस तथा इस प्रकार के अन्य सभी कार्यक्रमों को पूर्णतया प्रतिबंधित किया गया है।उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति इस आदेश का उल्लंघन करेगा, उसके विरुद्ध भारतीय दंड विधान की धारा 188 के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।

Desk Team