दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। ट्योढ़ी गांव के पास सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से तेज रफ्तार सेंट्रो कार घुस गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोनी निवासी रिहान और इरशाद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मुरथल से पार्टी कर वापस लौट रहे थे दोस्त
जानकारी के अनुसार सभी युवक हरियाणा के मुरथल से पार्टी कर वापस अपने घर लौट रहे थे। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे जैसे ही उनकी कार ट्योढ़ी गांव के पास पहुंची, वह सड़क किनारे खड़ी पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के लोग भी धमाके जैसी आवाज सुनकर मौके पर पहुंच गए।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया, दो मृत घोषित

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने रिहान और इरशाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि चार घायलों का उपचार शुरू किया गया। इनमें से तीन की हालत नाजुक होने पर उन्हें दिल्ली के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
परिवारों में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



Download Android App
Download iOS App




