उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां काफी बढ़ गई हैं। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बृहस्पतिवार को कौशांबी जिले की सिराथू विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन के दौरान उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा और अपना दल-सोनेलाल की नेता , केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल भी मौजूद थीं।
उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास में केशव प्रसाद मौर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रहीः नड्डा
नड्डा ने मौर्य का नामांकन दाखिल होने के बाद संवाददाताओं से कहा कि पिछले पांच वर्षों के दौरान सिराथू क्षेत्र के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास में केशव प्रसाद मौर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने दावा किया ‘‘ यहां भाजपा कार्यकर्ताओं में जिस तरह का उत्साह देखा जा रहा है उससे साफ जाहिर है कि मौर्य की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित है। भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में भी जीत दर्ज कर सरकार बनाने जा रही है। ’’
केशव प्रसाद मौर्य सिराथू से ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगेः अपना दल
नड्डा ने कहा कि भाजपा ‘‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’’ के मूल मंत्र पर चल कर जनता के हित के लिए काम कर रही है। अपना दल-सोनेलाल प्रमुख और केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा और अपना दल का गठबंधन बहुत मजबूत है तथा केशव प्रसाद मौर्य सिराथू से ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



