निर्भया केस की वकील रही सीमा कुशवाहा को BSP ने राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया

Summary :

हुजन समाज पार्टी ने निर्भया केस की वकील रही सीमा कुशवाहा को पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा की ओर से जारी एक लेटर में कहा गया है

बहुजन समाज पार्टी ने निर्भया केस की वकील रही सीमा कुशवाहा को पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र  मिश्रा की ओर से जारी एक लेटर में कहा गया है कि पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने पार्टी का पक्ष रखने के लिए सीमा कुशवाहा को बसपा का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। बता दें कि 20 जनवरी को सीमा कुशवाहा बसपा में शामिल हुईं थीं। सतीश चंद्र मिश्रा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। तब संभावना जताई जा रही थी कि सीमा किसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकतीं हैं।
सीमा कुशवाहा  ने  दिल्ली विश्वविद्यालय से वकालत की पढ़ाई की है। जिस वक्त निर्भया के साथ यह दर्दनाक घटना हुई उस वक्त सीमा कोर्ट में ट्रेनिंग कर रहीं थी। जैसे ही उन्हें इस केस का पता चला उन्होंने बिना पैसे के इस केस को लड़ने का फैसला किया था।
निर्भया केस सीमा के वकालत करियर का यह पहला केस था और उनका हौसला और जज्बा ही था कि आज दोषियों को फांसी के साथ उनकी जीत हुई। सीमा ने न सिर्फ कोर्ट में निर्भया के पक्ष में दलीले दीं, बल्कि कोर्ट के बाहर भी निर्भया के माता पिता के साथ हमेशा खड़ी रही। सीमा की कहानी भी बड़ी दिलचस्प है। वह वकील नहीं बल्कि पहले आईएएस अफसर बनना चाहती थीं। यूपीएससी परीक्षा देने की पूरी तैयारी भी कर चुकी थीं, लेकिन किस्मत को उनके लिए वकालत का पेशा ही मंजूर था।
यूपी चुनाव 
यूपी में सात चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं। यूपी में पहले चरण का चुनाव 10 फरवरी को होगा, जिसमें कुल 58 सीटों पर मतदान किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण का मतदान 14 फरवरी को होगा, जिसमें राज्य की 55 सीटों पर वोटिंग होगी, तीसरे चरण में 20 फरवरी को 59 सीटों पर मतदान होगा, चौथे चरण में 23 फरवरी को 60 सीटों पर मतदान, पांचवें चरण में 27 फरवरी को 60 सीटों पर, छठे चरण में 3 मार्च को 57 सीटों और सातवें फेज में 7 मार्च को 54 सीटों पर मतदान होगा।

Desk Team